
—–नगर आयुक्त ने जलभराव विंदुओं का किया निरीक्षण, जलभराव वाले क्षेत्रों पर रखी गई विशेष नजर
— शहर के लगभग चार दर्जन स्थान पर लगाए गए पंपों और सीवर जेट मशीन को जल निकासी होने तक चलाए जाने के दिए निर्देश
—– नगर निगम का कंट्रोल रूम भी रहा सक्रिय
आगरा। शहर में मंगलवार को अलसुबह हुई झमाझम बारिश के बीच नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बारिश शुरू होने के साथ ही नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया। कुछ ही समय में नगर निगम के कर्मचारी और अधिकारी सड़कों पर उतर पड़े। जलभराव की आशंका वाले स्थानों पर कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया। वहीं, नालों में बहकर आने वाले कचरे को रोकने के लिए लगाई गई जालियों की सफाई का कार्य भी लगातार जारी रहा। हालांकि बारिश के लगातार होने से जलजमाव की स्थिति बनी रही लेकिन अधिकांश क्षेत्रों से कुछ समय बाद पानी की निकासी हो गई।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य स्वयं पूरे दिन मॉनिटरिंग में जुटे रहे। उन्होंने स्वयं अधिकारियों के साथ खेरिया मोड़, हाईवे समेत तमाम अन्य क्षेत्रों का भ्रमण कर जलभराव वाले विंदुओं का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। शहर के जिन स्थानों पर पंप लगाए गए हैं उन्हें जल निकासी होने तक चलाए जाने के निर्देश दिए। वहीं शहरभर से कंट्रोल रूम में आने वाली सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जाती रही। किसी भी क्षेत्र में पानी भरने की स्थिति बनने से पहले ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई और नालियों की सफाई, पंपिंग सेट संचालन व अवरोध हटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया।
—-जलभराव वाले विंदुओं पर विशेष निगरानी—-
नगर निगम द्वारा पूर्व निर्धारित जलभराव संभावित बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी गई। वहां पहले से ही कर्मियों की तैनाती की गई थी। सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय और अशोक प्रिय गौतम के अलावा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा, उपनगर आयुक्त डॉ सरिता सिंह, पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम आदि के अलावा निर्माण विभाग के अभियंता भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखते रहे। इनमें शास्त्री पुरम,आवास विकास कालोनी,बल्केश्वर, नेहरू नगर, आगरा कॉलेज चौराहा, कमला नगर, हरीपर्वत, राजामंडी, सुल्तानगंज की पुलिया, शमसाबाद रोड, चर्च रोड, खेरिया मोड़ और बिजली घर,हाथरस रोड टेढ़ी बगिया और ग्वालियर रोड सहित कई प्रमुख स्थान शामिल रहे।
—-नालों की जालियों की नियमित सफाई—-
नालों में कचरा न पहुंचे इसके लिए पूर्व में लगाई गई जालियों की लगातार सफाई कराई जा रही थी। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के निर्देश पर सफाई कर्मियों को निर्देश दिया गया था कि वे हर आधे-एक घंटे में इन बिंदुओं की स्थिति की रिपोर्ट कंट्रोल रूम में दें। इससे किसी भी प्रकार की समस्या को तत्काल निपटाया जा सका। सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम भी सुबह से ही भ्रमण पर रहे।
—— कंट्रोल रूम रहा सक्रिय—–
नगर निगम के कंट्रोल रूम को पूरी तरह एक्टिव रखा गया। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार लगातार यहां आने वाली शिकायतों का अपडेट लेते रहे। यहां एक टीम लगातार कॉल रिसीव कर रही थी और वार्डवार जिम्मेदार कर्मचारियों को सूचनाएं दी जा रही थीं। कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटरिंग करते हुए नगर आयुक्त ने भी समय-समय पर अपडेट लिया।


