
आगरा मंडल द्वारा मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। दिनांक 24 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले इस मेले के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में मथुरा जंक्शन एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मथुरा जंक्शन के द्वितीय प्रवेश द्वार (मालगोदाम की ओर) तथा तृतीय प्रवेश द्वार (धौली प्याऊ की ओर) यात्री शेड की विशेष व्यवस्था की गई है। स्टेशन के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर तथा अतिरिक्त पूछताछ काउंटर संचालित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को शीघ्र टिकट एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके तथा भीड़ का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए मथुरा जंक्शन, भूतेश्वर एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशनों पर रेल सुरक्षा बल, वाणिज्य विभाग के टिकट चेकिंग स्टाफ तथा स्काउट एवं गाइड के प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। ये कर्मचारी यात्रियों के मार्गदर्शन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे तैनात रहेंगे।
सभी प्रवेश द्वारों पर यात्रियों के मार्गदर्शन, गुमशुदा व्यक्तियों की सूचना, टिकट संबंधी सहायता एवं भीड़ नियंत्रण के लिए हेल्प डेस्क/इन्फॉर्मेशन बूथ स्थापित किए जाएंगे।
मथुरा जंक्शन स्टेशन पर 24 घंटे चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार सुविधा तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24×7 एम्बुलेंस एवं आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा के लिए समर्पित खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।
वहीं मथुरा जंक्शन, भूतेश्वर एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय एवं आवागमन मार्गों की नियमित सफाई के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की जाएगी । कचरा प्रबंधन हेतु पर्याप्त संख्या में डस्टबिन एवं कचरा संग्रहण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
मेले के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा कुछ ट्रेनों का विस्तार, विशेष रेलगाड़ियों का संचालन, चयनित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने तथा आवश्यकता पड़ने पर संचालन हेतु विशेष स्पेयर रेक उपलब्ध रखने की व्यवस्था की जा रही है। आगरा मंडल श्रद्धालुओं से अपील करता है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, वैध टिकट के साथ यात्रा करें तथा किसी भी सहायता के लिए स्टेशन पर स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क करें। रेलवे प्रशासन मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।


