आगरा। आज दिनांक 12.07.2026 को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 20808 हीराकुंड एक्सप्रेस के ठहराव के दौरान डिप्टी एसएस (ऑपरेटिंग) एवं रेल सुरक्षा बल के मध्य उत्पन्न विवाद के प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्व में गठित जूनियर स्केल जांच समिति को अपग्रेड करते हुए जेएजी (JAG) ग्रेड की 03 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।
समिति में निम्नलिखित जेएजी अधिकारी शामिल हैं—
वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM), वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/परिचालन [Sr. DEE/OP], वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Sr. DSC)
साथ ही, प्रथम दृष्टया संबंधित चार आरपीएफ कार्मिकों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है। उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन इस प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस बीच मारपीट का यह मामला काफी तूल पकड़ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के पश्चात डिप्टी एसएस की पत्नी ने आत्मदाह तक की चेतावनी दे डाली है। वहीं फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर भी आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने आरपीएफ कर्मियों को डांट भी पिलायी। इसके पश्चात पीड़ित रेलकर्मी से पूरा वाकया जाना। उन्होंने कहा इस मामले में उच्चाधिकारियों को जानकारी देकर सख्त कार्यवाही करायेंगे, जिससे कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सांसद चाहर के साथ उनके निजी सचिव सतेंद्र यादव भी थे।


