
आगरा। एस.आर.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अकोला (आगरा) के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष चौधरी एम.डी. अहमद खान को डायमंड बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय रेफरी वर्कशॉप, कोचिंग सेमिनार कम परीक्षा का मुख्य परीक्षक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके खेल क्षेत्र में लंबे अनुभव, उत्कृष्ट तकनीकी ज्ञान, रेफरी एवं प्रशिक्षक के रूप में उल्लेखनीय योगदान तथा डायमंड बॉल खेल के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए प्रदान की गई है।
राष्ट्रीय रेफरी आयोजन 11, 12 एवं 13 जुलाई 2026 को भूगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भूगोर, अलवर (राजस्थान) में राजस्थान डायमंड बॉल एसोसिएशन एवं डायमंड बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से रेफरी, कोच, तकनीकी अधिकारी एवं खेल प्रशिक्षक भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान डायमंड बॉल खेल के नवीनतम नियमों, तकनीकी पहलुओं, रेफरी प्रशिक्षण, कोचिंग पद्धति एवं लिखित एवं प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य परीक्षक के रूप में चौधरी एम.डी. अहमद खान प्रतिभागियों की लिखित एवं प्रायोगिक परीक्षाओं का संचालन, मूल्यांकन, तकनीकी मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रेफरी एवं प्रशिक्षकों की दक्षता का आकलन करेंगे। उनके नेतृत्व में आयोजित होने वाली यह परीक्षा देशभर में डायमंड बॉल खेल की तकनीकी गुणवत्ता एवं एकरूपता को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
डायमंड बॉल के अध्यक्ष एवं जनक राजीव सोई ने विश्वास व्यक्त किया कि चौधरी एम.डी. अहमद खान के कुशल नेतृत्व, तकनीकी दक्षता एवं प्रशासनिक अनुभव से राष्ट्रीय रेफरी वर्कशॉप एवं कोचिंग सेमिनार की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही, यह आयोजन देशभर में डायमंड बॉल खेल के मानकीकरण, प्रशिक्षकों एवं रेफरियों के कौशल विकास तथा खेल के व्यापक प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।
प्रधानाचार्या मोहिनी चाहर ने इसे एस.आर.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अकोला के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि चौधरी एम.डी. अहमद खान की यह राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी विद्यालय के साथ-साथ जनपद आगरा एवं उत्तर प्रदेश के खेल जगत के लिए भी सम्मान का विषय है। उनके मार्गदर्शन से भविष्य में और अधिक प्रशिक्षित रेफरी एवं कोच तैयार होंगे, जिससे डायमंड बॉल खेल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान एवं मजबूती प्राप्त होगी।
उनकी इस उपलब्धि पर खेल जगत की कई बड़ी बड़ी हस्तियों एवं डायमंड बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राजीव सोई, उपाध्यक्ष एवं बिल्ड फॉर सक्सेस डिग्री कॉलेज के प्रबंधक सरपंच विश्वेंद्र कुमार शर्मा, प्रधान शिशु पाल, महासचिव दिलीप शर्मा, एस.आर.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अकोला के निदेशक लोकपाल सिंह चाहर, प्रबंधक गौरांग चाहर, प्रधानाचार्या मोहिनी चाहर, संजय नेहरू, के.पी. सिंह यादव, अमित कुमार,अमिताभ गौतम, डॉ. देश दीपक कुलश्रेष्ठ, जोगेन्द्र चाहर, धर्मेंद्र राजपूत, पंकज शर्मा, गुरुप्रीत सिंह,रवि प्रकाश तथा विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।


