—– मानसून में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, स्मार्ट सिटी सभागार में हुई समीक्षा बैठक
आगरा। बारिश के मौसम में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़ी सभी कार्यदायी संस्थाओं और वेंडर्स की समीक्षा बैठक लेकर साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में कमी मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सेकेंडरी कलेक्शन स्टेशन, जेएस एनवायरो, अंडरग्राउंड डस्टबिन, रोड स्वीपिंग और एक्मे द्वारा संचालित सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान शहर में कहीं भी कूड़े का ढेर नहीं लगना चाहिए। डोर-टू-डोर कलेक्शन निर्धारित समय पर हो, सेकेंडरी कलेक्शन स्टेशनों से तत्काल कचरे का उठान कराया जाए और अंडरग्राउंड डस्टबिन की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों पर रोड स्वीपिंग का कार्य तय मानकों के अनुसार होना चाहिए तथा सामुदायिक शौचालयों में नियमित सफाई, पानी, प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि कूड़ा नालियों में पहुंचकर जल निकासी बाधित न करे।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सभी एजेंसियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी शिकायत मिले, उसका तत्काल निस्तारण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान यदि किसी एजेंसी की कार्यशैली संतोषजनक नहीं मिली या अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाया गया तो उसके विरुद्ध जुर्माना लगाने सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा समेत नगर निगम के तमाम अधिकारी एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़ी सभी कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा है कि कि मानसून के दौरान शहर को स्वच्छ रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी एजेंसियों को पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। नागरिकों को बेहतर स्वच्छता व्यवस्था उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


