खंदारी – मउ रोड पर नगर निगम ने ध्वस्त कराये दर्जनों अवैध निर्माण

स्थानीय समाचार

—– नालों पर से कब्जा हटाया, दो दर्जन से अधिक टिन शेड-काउंटर जब्त, जुर्माने की कार्रवाई से मचा हड़कंप

आगरा। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को खंदारी चौराहे से मउ रोड स्थित सूर्यलोक कॉलोनी तक व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान नालों और नालियों पर अवैध रूप से बनाए गए रैंप, फुटपाथों पर निकाले गए टिन शेड, तिरपाल और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान दो दर्जन से अधिक टिन शेड, काउंटर और कबाड़ का सामान जब्त किया गया। गंदगी फैलाने एवं अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया।
नगर निगम की प्रवर्तन टीम सुबह ही मौके पर पहुंच गई और सड़क, फुटपाथ तथा नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। सबसे पहले नालों और नालियों पर बनाए गए सीमेंट के रैंपों को जेसीबी से तोड़ा गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके बाद फुटपाथों पर लगाए गए टिन शेड, तिरपाल, काउंटर और अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे रखा गया कबाड़ और अन्य सामान भी जब्त किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने गंदगी फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ जुर्माना लगाते हुए भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी।
अचानक शुरू हुए अभियान से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने कार्रवाई से पहले ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि जिन लोगों ने निगम के निर्देशों की अनदेखी की, उनके अवैध निर्माणों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़क, फुटपाथ और नालों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बाधित होती है और बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहरभर में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का नेतृत्व एसएफआई जागेन्द्र सिंह ने किया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम का प्रवर्तन दल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

—— नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन :
“शहर में सड़क, फुटपाथ और नालों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों और व्यापारियों से अपील है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें तथा स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *