एम.एस. चौहान मेमोरियल फुटबॉल लीग: सनराइज फुटबॉल क्लब की शानदार जीत, चार टीमों ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

SPORTS उत्तर प्रदेश

आगरा, 3 जुलाई 2026। आगरा रीजन फुटबॉल एसोसिएशन (ARFA) द्वारा आयोजित एम.एस. चौहान मेमोरियल आगरा रीजन मेन्स फुटबॉल लीग 2026-27 के पांचवें दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिन के दोनों मुकाबले रोमांच, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहे।

प्रथम मैच के मुख्य अतिथि डॉ. धर्मपाल सिंह चौहान (विधायक, एत्मादपुर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता) तथा द्वितीय मैच के मुख्य अतिथि रामसकल गुर्जर (पूर्व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डी.एफ.ए. आगरा रीजन के अध्यक्ष बिल्लू चौहान ने की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में  बिल्लू चौहान ने कहा कि आगरा रीजन फुटबॉल एसोसिएशन का उद्देश्य प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को तैयार करना है। उन्होंने कहा कि नियमित एवं उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा युवाओं को अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्य अतिथि डॉ. धर्मपाल सिंह चौहान ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को समान मंच उपलब्ध कराने के लिए आगरा रीजन फुटबॉल एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ प्रदेश के खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनती हैं।

द्वितीय मैच के मुख्य अतिथि  रामसकल गुर्जर ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी  संजय शर्मा, डी.एफ.ए. आगरा रीजन के मीडिया प्रभारी  राघवेन्द्र सिंह चौहान, जोगेंद्र सिंह चौहान, आदित्य चौहान (सचिव, आगरा फुटबॉल अकादमी),  वीरेंद्र सिंह चौहान (बॉबी भाई),  राजीव सोही (अध्यक्ष, मास्टर्स हॉकी), राष्ट्रीय खिलाड़ी अक्षय सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मैच परिणाम

प्रथम मुकाबला:
सनराइज फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 पैरा फुटबॉल क्लब को 3-1 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से देवेश पालीवाल ने दो गोल तथा सोनू ने एक गोल किया, जबकि 9 पैरा की ओर से अमित ने एकमात्र गोल किया। पूरे मैच में सनराइज फुटबॉल क्लब का गेंद पर नियंत्रण और आक्रामक खेल प्रभावशाली रहा।

द्वितीय मुकाबला:
थ्राइव फुटबॉल अकादमी ने श्रीजी फुटबॉल क्लब को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल यशराज ने 51वें मिनट में किया।

सेमीफाइनल में पहुँचीं चार टीमें

लीग चरण की समाप्ति के बाद सनराइज फुटबॉल क्लब, थ्राइव फुटबॉल अकादमी, आगरा फुटबॉल अकादमी तथा यादव फुटबॉल क्लब ने सेमीफाइनल में स्थान बना लिया है।

04 जुलाई 2026 का सेमीफाइनल कार्यक्रम

दोपहर 2:00 बजे
सनराइज फुटबॉल क्लब बनाम थ्राइव फुटबॉल अकादमी

सायं 4:00 बजे
आगरा फुटबॉल अकादमी बनाम यादव फुटबॉल क्लब

प्रतियोगिता के मैचों का सफल संचालन रेफरी मनोहर सिंह चाहर, परमजीत सिंह ‘पम्मी’, अजय यादव, योगेश वर्मा, बाबर खान एवं अक्षय सिंह ने किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं में अर्चना सिकरवार, उर्वशी सिकरवार, श्रुति जादौन, यशोदा सिंह, किरण कुशवाहा, इलमा, मन्नू यादव, राखी यादव एवं साक्षी यादव सहित समस्त ऑफिशियल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के समन्वित प्रयासों से प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *