
—– अधूरी नालियों और घटिया निर्माण का आरोप, स्थानीय निवासी ने निगम को दी शिकायत
—- संभव दिवस में अतिक्रमण, गंदगी,सीवर और निर्माण से संबंधित डेढ़ दर्जन से अधिक शिकायत
आगरा। संभव दिवस में आज गंदगी, निर्माण, अतिक्रमण और सीवर से संबंधित करीब डेढ़ दर्जन शिकायतें आईं। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं। इन्हीं शिकायतों में से एक मामले में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मुख्य अभियंता को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हरीपर्वत जोन के वार्ड 13 वजीरपुरा क्षेत्र में हाल ही में कराए गए सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्र निवासी मोहम्मद अब्दुल हफीज ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा खामियों को दूर कराने की मांग की थी। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
नगर आयुक्त से की गई शिकायत के अनुसार राजेश कुमार गर्ग के आवास से मोहल्ले की मस्जिद तक आरसीसी खरंजा एवं नाली निर्माण का कार्य नगर निगम द्वारा कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा मानकों की अनदेखी की गई है। सड़क निर्माण में प्रयुक्त मसाले की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है तथा निर्माण पूरा होने से पहले ही लीपापोती कर कार्य को पूर्ण दिखाने का प्रयास किया गया है। क्षेत्र में बनाई गई नालियां अधूरी हैं और कई स्थानों पर उनका निर्माण सही ढंग से नहीं किया गया। नालियों का ढाल एवं संरचना ठीक न होने के कारण गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोहम्मद अब्दुल हफीज ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में 11 जून 2026 को भी नगर आयुक्त को शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते उन्होंने पुनः 16 जून को शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नालियों और सड़क को मानकों के अनुरूप दोबारा बनवाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की जांच नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या और गंभीर हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान कराने की मांग की है।


