—— अपर नगर आयुक्त और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी की भी तैनाती, अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह अयोध्या रवाना
आगरा। शासन स्तर पर किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत आगरा नगर निगम और जलकल विभाग को नए अधिकारियों की नियुक्ति मिली है। इन नियुक्तियों से लंबे समय से रिक्त पड़े महत्वपूर्ण पदों पर कार्य सुचारु रूप से संचालित होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह को भी शासन के आदेश पर अयोध्या के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।
जलकल विभाग में पिछले दिनों महाप्रबंधक पद से हटाए गए अरुणेंद्र राजपूत के स्थान पर कुमार गौरव को नया महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है। कुमार गौरव इससे पूर्व प्रयागराज में जलकल विभाग के महाप्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। शासनादेश जारी होने के बाद वे शीघ्र ही आगरा पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। उनके आगमन तक जलकल महाप्रबंधक का अतिरिक्त दायित्व अधिशासी अभियंता संघ भूषण द्वारा संभाला जा रहा था।
नगर निगम प्रशासन को भी शासन ने दो नए अधिकारी उपलब्ध कराए हैं। नगर निगम में पिछले लगभग एक वर्ष से रिक्त चल रहे अपर नगर आयुक्त के महत्वपूर्ण पद पर अलीगढ़ में तैनात राकेश कुमार यादव का स्थानांतरण आगरा नगर निगम के लिए किया गया है। उनके आने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की संभावना है।
इसके अलावा नगर निगम के राजस्व विभाग में भी लंबे समय से रिक्त चल रहे मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (सीटीओ) के पद पर नियुक्ति की गई है। मेरठ नगर निगम में इसी पद पर कार्यरत शिवकुमार गौतम को आगरा नगर निगम में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। उनकी नियुक्ति से कर निर्धारण और राजस्व वसूली से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
दूसरी ओर, नगर निगम के अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह को शासन के आदेश के अनुपालन में अयोध्या के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। गौरतलब है कि उनका स्थानांतरण अगस्त 2025 में ही अयोध्या के लिए कर दिया गया था, लेकिन नगर निगम में अभियंताओं की कमी को देखते हुए उन्हें अब तक रिलीव नहीं किया गया था। विभागीय आवश्यकताओं के बीच उन्होंने आगरा में अपनी सेवाएं जारी रखीं, लेकिन अब उन्हें औपचारिक रूप से अयोध्या के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।


