
—– सफाई, पानी, रोशनी और निगरानी के लिए विभागवार माइक्रो प्लान तैयार
आगरा। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बुधवार को स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में शहरभर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत और कुर्बानी स्थलों पर विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार,उप नगर आयुक्त सरिता सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा, सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम,प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, जलकल विभाग, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा अजय सिंह सहित सभी जोनल अधिकारी और एसएफआई मौजूद रहे।
बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि बकरीद के मद्देनजर सभी प्रमुख मार्गों, मस्जिदों, ईदगाहों और नमाज स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। प्रातःकालीन सफाई के साथ-साथ सायंकालीन विशेष सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नमाज और कुर्बानी स्थलों पर न्यूनतम दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के आदेश दिए गए हैं, जो प्रकाश, जलकल और सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखेंगे तथा किसी भी समस्या की तत्काल सूचना अधिकारियों को देंगे।
प्रकाश विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी ईदगाहों, मस्जिदों और नमाज स्थलों के आसपास खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों और प्रकाश बिंदुओं को तत्काल ठीक कराया जाए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से मरम्मत कार्य की भौतिक रिपोर्ट भी तलब की है।
निर्माण विभाग को पर्व से पूर्व शहर के सभी नमाज स्थलों और ईदगाहों के आसपास सड़क मरम्मत और पेंचवर्क कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा गया है।
जलकल विभाग को कुर्बानी स्थलों पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिन इलाकों में पाइपलाइन से जलापूर्ति संभव नहीं होगी, वहां पानी के टैंकर तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही पर्व के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
पशु चिकित्सा एवं कल्याण विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अन्य पशुओं से धार्मिक भावनाएं आहत न हों इसके लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। कुर्बानी के बाद अवशेषों के समयबद्ध निस्तारण के लिए पर्याप्त वाहन और मैनपावर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में नगर आयुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को विभागवार माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, जिसमें क्षेत्रवार व्यवस्थाएं, कार्मिकों की तैनाती और संसाधनों की उपलब्धता का पूरा विवरण शामिल होगा। साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए भी अग्रिम कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने कहा कि बकरीद पर्व को लेकर नगर निगम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
—–इन स्थानों पर तैनात रहेंगे पानी के टैंकर —–
जलकल महाप्रबंधक संघ भूषण के अनुसार बकरीद पर ईदगाह, बिजलीघर, अब्दुल्ला पार्क मस्जिद पर पानी के दो -दो टैंकर और लोहा मंडी शाही मस्जिद,लाल मस्जिद और एत्माद्दौला पर एक एक पानी के टैंकर की व्यवस्था की गई। इसके अलावा अगर कहीं से टैंकर की डिमांड आती है तो वहां भी पानी उपलब्ध कराया जाएगा।


