
आगरा। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही हीटवेव को देखते हुए नगर निगम और जलकल विभाग द्वारा शहरवासियों को राहत पहुंचाने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने शहर में संचालित प्याऊ की संख्या 17 से बढ़ाकर 30 करने के निर्देश जलकल महाप्रबंधक संघ भूषण को दिए हैं। इसके साथ ही प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर स्थापित कर ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
वाटर वर्क्स चौराहे पर वाटर कूलर लगाए गए हैं, जहां राहगीरों, श्रमिकों और आम नागरिकों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। भगवान टॉकीज पर भी जल्द ही वाटर कूलर को एक्टिव करा दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार शहर के अन्य व्यस्त इलाकों में भी जल्द अतिरिक्त वाटर कूलर लगाए जाएंगे ताकि लोगों को लू और गर्मी से राहत मिल सके।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने जलकल महाप्रबंधक को निर्देशित किया है कि सभी प्याऊ पर नियमित पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस दौर में आमजन को राहत देना नगर निगम की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम द्वारा बस स्टैंड, बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और अधिक से अधिक पानी का सेवन करें।
लू से बचाव के लिए सुझाव
* तेज धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें
* अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ लें
* बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
* खाली पेट धूप में बाहर न निकलें
* हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें
वर्जन—— नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि हीटवेव के दौरान शहरवासियों को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं तथा जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त प्याऊ और वाटर कूलर लगाए जा रहे हैं।


