—- त्योहार पर शहर रहेगा चाक-चौबंद, कंट्रोल रूम से होगी 24 घंटे निगरानी
आगरा। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शहर में सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी की व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अपर नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। ईदगाहों, मस्जिदों और आसपास के मार्गों पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी। कूड़ा उठान के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो त्योहार के दौरान लगातार कार्य करेंगी। साथ ही जलभराव और नालियों की समस्या को रोकने के लिए पहले से ही नालों और सीवर लाइनों की सफाई कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने, पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अलावा पशु अवशेषों के निस्तारण के लिए अलग से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
त्योहार के दौरान किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाएगा। अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि बकरीद पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
वर्जन:::::
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि बकरीद को लेकर नगर निगम पूरी तरह सतर्क है। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जा रही हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।


