
आगरा । मंडल में ट्रेनों के सुरक्षित, संरक्षित एवं सुचारू संचालन को प्राथमिकता देते हुए मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के कुशल मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं वाणिज्य विभाग द्वारा अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने हेतु विशेष सघन संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत आगरा मंडल के विभिन्न रेल खंडों, प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में नियमित रूप से सघन जांच, निगरानी एवं जागरूकता गतिविधियाँ की जा रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ ट्रेनों के समयबद्ध एवं निर्बाध संचालन को बनाए रखा जा सके। अलार्म चैन पुलिंग का स्टेशनो पर निरंतर उद्घोषणा की जा रही है और बैनर पोस्टर के माध्यम से प्रचार किया जा रहा है कि अनावश्यक चैन पुलिंग ना करे RDN स्क्रीन के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जा रहा है|
इसी क्रम में दिनांक 10.05.2026 से 23.05.2026 तक अभियान के दौरान अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग के कुल 120 मामलों का पता लगाते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा लगभग रु. 53,430 का जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान ट्रेन संख्या – 12450 मथुरा जं. पर, 12190 अझई-वृन्दावन के मध्य पर, 22988 आगरा फोर्ट स्टेशन पर, 12279 मथुरा जं. यार्ड पर, 11842 आगरा कैंट स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर एसीपी की विशेष जांच की गई। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 22168 आगरा –भांडई के मध्य पर यात्री हरदेश , गाड़ी संख्या 12621 मथुरा जं. यार्ड पर यात्री योगेश ,गाड़ी संख्या 12280 भूतेश्वर – मथुरा जं. के मध्य यात्री वीरेन्द्र , गाड़ी संख्या 12964 मथुरा जं. पर यात्री सुनीता , गाड़ी संख्या 04216 खेडली यार्ड पर यात्री कुंदन, गाड़ी संख्या 12752 मथुरा जं. –बाद के मध्य पर यात्री रविन्द्र द्वारा अनावश्यक रूप से अलार्म चेन पुलिंग किए जाने पर रेल सुरक्षा बल द्वारा मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल आपात स्थिति में ही अलार्म चेन पुलिंग का प्रयोग करें, अन्यथा यह दंडनीय अपराध है और इससे न केवल रेल संचालन प्रभावित होता है बल्कि अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है; यात्रियों की सुरक्षा एवं बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।


