आगरा.24.05.2026/आज जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर के साथ संघ लोक सेवा आयोग, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा आगरा नगर में आज दिनांक 24/05/2026 को आयोजित सिविल सर्विसेज (प्रा०) परीक्षा-2026 के संबंध में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सेंट जॉन्स कॉलेज, क्वीन विक्टोरिया इंटर कॉलेज सहित जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम इत्यादि कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष निर्देश दिए कि द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश द्वार पर ’ग्रीन नेट’ या शेड की व्यवस्था की जाए। जिलाधिकारी महोदय ने परीक्षा केन्द्र पर शीतल पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सहित सभी मूल-भूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने और बायोमेट्रिक अटेंडेंस को छायादार स्थान पर कराने के निर्देश दिए ताकि अभ्यर्थियों को असुविधा न हो। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, सीटिंग प्लान आदि का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जैमर और बायोमेट्रिक उपस्थिति जैसी तकनीकों का प्रयोग सुनिश्चित किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या नकल को रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गरिमा भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुँचने और परीक्षा देने में कोई असुविधा न हो। संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा के लिए जिले में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा दो पाली में संपन्न हुई।


