
—– महापौर के निर्देश पर बदली व्यवस्था, 17 प्याऊ पर शुरू हुई आरओ वाटर सप्लाई
आगरा। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच शहरवासियों को राहत देने के लिए जलकल विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब शहर के विभिन्न स्थानों पर हीटवेव के मद्देनजर लगाए गए सभी प्याऊ पर लोगों को आरओ का शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। शुक्रवार से यह नई व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिसके तहत सभी प्याऊ पर कैंपर के माध्यम से आरओ वाटर की सप्लाई शुरू कर दी गई है।
अब तक इन प्याऊ पर रखे गए मटकों में वाटर वर्क्स से सप्लाई होने वाला पानी टैंकरों के माध्यम से भरवाया जाता था। गुरुवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में इस व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए थे। बैठक के दौरान पार्षद विक्रांत कुशवाह ने प्याऊ पर उपलब्ध कराए जा रहे पानी की गुणवत्ता पर एतराज जताते हुए सभी प्याऊ पर आरओ वाटर के कैंपर रखवाने की मांग की थी।
पार्षद की मांग पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने सहमति जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के इस दौर में प्याऊ पर प्यास बुझाने आने वाले लोगों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। महापौर के निर्देश के बाद जलकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नई व्यवस्था लागू कर दी।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक संघ भूषण ने बताया कि शहर में संचालित किए जा रहे सभी 17 प्याऊ पर आरओ वाटर की सप्लाई शुरू करा दी गई है। प्रत्येक प्याऊ पर नियमित रूप से कैंपर उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि लोगों को शुद्ध पानी मिल सके। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए विभाग द्वारा पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों से शहर में तेज धूप और लू के कारण आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए प्याऊ राहगीरों, मजदूरों और बाजारों में आने-जाने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। अब आरओ का शुद्ध पानी मिलने से लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
—– महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह का वर्जन:
“भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए नगर निगम का प्रयास है कि शहरवासियों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। सभी प्याऊ पर आरओ वाटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राहगीरों और आमजन को राहत मिल सके। जनसुविधाओं को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है।”


