आगरा। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में छटीकरा-वृंदावन मार्ग स्थित मां ज्वाला धाम श्री कृष्णा आश्रम में दो दिवसीय ‘व्यापारी शंखनाद समागम’ का आयोजन किया गया। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में उद्योग व्यापार मंडल आगरा के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
समागम में एमएसएमई से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों को 45 दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का जो प्रावधान किया गया है, वह प्रभावी साबित नहीं हो रहा। कई व्यापारियों को लंबे समय तक भुगतान नहीं मिल पाता, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
फूड लाइसेंस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि आजीवन फूड लाइसेंस का प्रावधान व्यापारियों के लिए राहत नहीं बन सका है। कई स्थानों पर आजीवन लाइसेंस जारी नहीं किए जा रहे हैं और जहां बनाए भी जा रहे हैं, वहां हर वर्ष शुल्क वसूला जा रहा है।
इसके अलावा छोटे मकानों के नीचे संचालित दुकानों के ध्वस्तीकरण के आदेशों को लेकर भी चिंता जताई गई। व्यापारियों का कहना था कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो हजारों छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी और उनके यहां कार्यरत कर्मचारी भी बेरोजगार हो जाएंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार गुनार्नी, प्रदेश मंत्री दीपक शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष अनुराग गोयल, किशोर बुधरानी, मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी और रोहित आयलानी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


