क्षेत्रीय नागरिकों की मांग पर रुके थे काम, अब सीवर सुधार के साथ दोबारा शुरू होगा 40 लाख का विकास कार्य
आगरा। ग्यासपुरा लोहामंडी क्षेत्र में भीमनगरी आयोजन के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों को जल्द दोबारा शुरू कराया जाएगा। क्षेत्र में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न गलियों में सड़क निर्माण कराया जाना था, लेकिन कार्य प्रारंभ होने के दौरान स्थानीय नागरिकों ने कई स्थानों पर सीवर लाइन डालने तथा क्षतिग्रस्त सीवर को ठीक कराने की मांग उठाते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया था।
क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि बिना सीवर व्यवस्था को दुरुस्त किए सड़क निर्माण कराने से भविष्य में नई सड़कें दोबारा खोदनी पड़ेंगी, जिससे सरकारी धन की बर्बादी होगी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। नागरिकों की मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम एवं जलकल विभाग ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी क्रम में वुधवार को जलकल विभाग के सुपरवाइजर राहुल अपनी टीम के साथ ग्यासपुरा लोहामंडी पहुंचे और क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन स्थानों को चिन्हित किया गया जहां सीवर लाइन क्षतिग्रस्त है तथा जहां नई सीवर लाइन डालने की आवश्यकता है। विभागीय अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली।
कार्यवाहक महापबंधक जलकल संघ भूषण ने बताया कि जलकल विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके अलावा जिन स्थानों पर सीवर लाइन की आवश्यकता है वहां नई लाइन भी डाली जाएगी, ताकि भविष्य में जलभराव और सीवर ओवरफ्लो जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों। उन्होंने कहा कि सीवर संबंधी कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क निर्माण का कार्य दोबारा शुरू करा दिया जाएगा।
—– नगर आयुक्त का वर्जन
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि ग्यासपुरा लोहामंडी क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जा रहा है। जहां-जहां सीवर संबंधी दिक्कतें सामने आई हैं, वहां जलकल विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सीवर कार्य पूर्ण होते ही सड़क निर्माण सहित सभी विकास कार्य तेजी से शुरू कराए जाएंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


