जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों हेतु समीक्षा बैठक संपन्न
आगरा.16.04.2026.आज जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी जी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनगणना 2027 में स्व-गणना के सफल संचालन के लिए समीक्षा बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सुपरवाइजर, प्रगणक की गुणवत्ता पूर्ण ट्रेनिंग सुनिश्चित की जाए,उन्होंने कहा कि स्व-गणना को प्रभावी बनाने के लिए 07 मई को विशेष अभियान संचालित कर स्वगणना के शुभारंभ को समारोह पूर्वक आयोजित कर जनपद के सभी जनप्रतिनिधि, शिक्षा, साहित्य, खेल, चिकित्सा, उद्योग, व्यापार,मीडिया आदि क्षेत्र के तथा अन्य सभी क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों एवं सभी सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों उनके परिवार का विवरण ऑनलाइन अपलोड कराया जाए।यह देश की 16वीं जनगणना और स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना होगी।
प्रथम चरण में 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण व गणना होगी, जबकि द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी और नागरिकों को पहली बार स्व-गणना का विकल्प मिलेगा। इसके तहत 7 से 21 मई 2026 तक लोग पोर्टल व मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। साथ ही जीआईएस आधारित मानचित्रों व डिजिटल ऐप के जरिए गणना कार्य को सटीक बनाया जाएगा। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्रीमती शुभांगी शुक्ला ने जनगणना की प्रक्रिया व समय-सीमा की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से सामाजिक, आर्थिक व आवासीय स्थिति से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्र होंगी, जो भविष्य की योजनाओं व नीति निर्माण में सहायक होंगी। उन्होंने बताया कि मकान सूचीकरण के दौरान भवन की स्थिति, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, शौचालय, बिजली, ईंधन, एलपीजी कनेक्शन, अनाज, फोन, वाहन, टीवी व इंटरनेट जैसी 33 प्रकार की जानकारियां एकत्र की जाएंगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने प्रचार प्रसार करने और आमजन को प्रेरित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि इलेक्शन कमीशन के कार्य की तरह इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि गणनाकारों एवं पर्यवेक्षकों का समुचित एवं समय पर प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे निर्धारित प्रारूप के अनुसार सही एवं सटीक जानकारी संकलित कर सकें। साथ ही, जनगणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व श्रीमती शुभांगी शुक्ला, अपर नगर आयुक्त श्री शिशिर कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी मनीष कुमार,सभी उप जिला मजिस्ट्रेट, नगरीय निकायों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


