कागारौल में मुस्लिमों के दो पक्षों में भारी पथराव, दहशत के मारे दुकानें बंद हो गईं, लोग घरों में दुबक गये, तांतपुर रोड पर ट्रैफिक रुक गया, 60 के खिलाफ केस दर्ज, छह गिरफ्तार

Crime उत्तर प्रदेश

आगरा के कागारौल में मुस्लिमों के दो पक्षों में भारी पथराव, दहशत के मारे दुकानें बंद हो गईं, लोग घरों में दुबक गये, तांतपुर रोड पर ट्रैफिक रुक गया, 60 के खिलाफ केस दर्ज, छह गिरफ्तार

आगरा। जनपद के कागारौल कस्बे में शुक्रवार को उस समय अपद्रव के हालात बन गए, जब मस्जिद के पास मुस्लिम समाज के दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से जबरदस्त पथराव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आगरा-तांतपुर रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

विवाद से हिंसा तक, छतों से भी चला पथराव

बताया जा रहा है कि तांतपुर रोड स्थित मस्जिद के पास किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई, फिर ईंट-पत्थर चलने लगे। हालात इतने बिगड़े कि कुछ लोग घरों की छतों से भी पथराव करते नजर आए। आसपास की दुकानों के शटर गिर गए और लोग घरों में छिपकर अपनी जान बचाने लगे। पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

पुलिस पर हमला, अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी

स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस पर भी उपद्रवियों ने पथराव कर दिया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। प्रारंभिक प्रयासों में पुलिस बल नाकाम रहा, जिसके बाद अतिरिक्त फोर्स बुलाकर उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा गया।

मामले में कागारौल थाने में 60 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें 36 नामजद आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

वीडियो से खुली हिंसा की परतें

घटना के वीडियो सामने आने के बाद संघर्ष की भयावहता स्पष्ट हो रही है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर भी उपद्रवियों की पहचान कर रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *