
—– मुख्यमंत्री के आगमन से पहले नगर आयुक्त ने संभाली कमान, व्यवस्थाओं का लेते रहे जायजा
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। मुख्यमंत्री के स्वागत को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम द्वारा उनके प्रस्तावित आगमन रूट पर जगह-जगह सुंदर और रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाई गईं। इन रंगोलियों के माध्यम से शहर की सड़कों को सजाया गया, जिससे पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।
नगर निगम की विभिन्न टीमों ने सुबह से ही तैयारियों में जुटकर सड़क किनारे साफ-सफाई, सजावट और रंगोलियों का कार्य कराया। प्रमुख चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष रूप से आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन पर शहर की सकारात्मक और सुंदर छवि प्रस्तुत की जा सके।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल स्वयं लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम आदि भी मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं को परखते रहे। नगर आयुक्त का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था, यातायात मार्ग और सजावट को विशेष रूप से व्यवस्थित किया गया, ताकि आगमन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया कि आगमन रूट पर हर स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें।
मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर नगर निगम की इस पहल से शहर का माहौल उत्साहपूर्ण और आकर्षक दिखाई दिया।


