Agra News: बच्चों के मामूली विवाद में बुजुर्ग राजमिस्त्री की बेरहमी से हत्या, सिर पर ईंट मारकर उतारा मौत के घाट

Crime

आगरा: जनपद के थाना अछनेरा क्षेत्र के गुलाब नगर मोहल्ले में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने इतना तूल पकड़ लिया कि बड़े आपस में भिड़ गए और एक राजमिस्त्री की जान ले ली। मृतक की पहचान साबुद्दीन उर्फ साबू (पुत्र बाबू) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी फैल गई है।

मारपीट के दौरान सिर पर किया वार:

परिजनों के मुताबिक, बच्चों के बीच हुए झगड़े को सुलझाने के बजाय दूसरे पक्ष के लोग हिंसक हो गए। तू-तू मैं-मैं से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने साबुद्दीन के सिर पर ईंट से जोरदार प्रहार किया। चोट इतनी गंभीर थी कि अस्पताल पहुँचने से पहले ही साबुद्दीन ने दम तोड़ दिया।

परिजनों में कोहराम, आरोपियों की तलाश जारी:

साबुद्दीन मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी मौत के बाद घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुँची अछनेरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *