रैली निकाल कर कारोबारियों और नागरिकों को दिया स्वच्छता का संदेश

Press Release उत्तर प्रदेश

—- छत्ता जोन में सफाई के प्रति जनजागरण अभियान तेज, कचरा पृथक्करण और डस्टबिन उपयोग पर दिया जोर

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में छत्ता जोन के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व एसएफआई आशुतोष वर्मा ने किया, जिसमें स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और नगर निगम कर्मियों ने भाग लिया।
यह रैली मनकामेश्वर मंदिर स्थित मुन्नालाल पेठा, रावत पाड़ा से शुरू होकर दरेसी नंबर-दो, बेलनगंज, काला महल सहित प्रमुख बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होती हुई पुनः रावत पाड़ा पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा इधर-उधर न फेंकने तथा घर और दुकानों के बाहर साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने विशेष रूप से कचरा पृथक्करण के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से अपने प्रतिष्ठानों और घरों पर डस्टबिन रखने तथा नगर निगम की कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का नियमित उपयोग करने की अपील की गई।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। जब तक आम नागरिक और व्यापारी स्वच्छता को अपनी आदत नहीं बनाएंगे, तब तक शहर को पूरी तरह स्वच्छ बनाना संभव नहीं है। इसी उद्देश्य से विभिन्न जोनों में लगातार जागरूकता अभियान, रैलियां और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रैली के दौरान “स्वच्छ आगरा, सुंदर आगरा” और “कचरा डिब्बे में डालें, शहर को स्वच्छ बनाएं” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी नगर निगम के इस अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *