
आगरा । मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आगरा के हिंदी पुस्तकालय एवं वाचनालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रनव कुमार के सफल निर्देशन में हिंदी भाषा को प्रोत्साहित करने हेतु हिंदी माध्यम की प्रमुख पत्रिकाओं एवं मैगजिन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
इस क्रम में हिंदी में प्रकाशित इंडिया टुडे एवं आउटलुक जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाएं नियमित रूप से मंगाई जाएंगी, जिससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समसामयिक विषयों की जानकारी हिंदी भाषा में प्राप्त हो सके और राजभाषा के प्रयोग को बढ़ावा मिले।
राजभाषा अधिकारी एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री बीरेंद्र सिंह के अधीन राजभाषा विभाग द्वारा इस कार्य का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हिंदी पुस्तकालय एवं वाचनालय की सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने एवं दैनिक कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया है।


