पशु पालकों को नालियों में गोबर बहाना पड़ा भारी, हजारों रुपये जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

नगर निगम प्रशासन द्वारा लोहा मंडी क्षेत्र में की गई कार्रवाई से पशु पालकों में हड़कंप

आगरा | सिरकी मंडी, राज नगर व लोहामंडी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की गई। नालियों में गोबर बहाने और प्रतिबंधित ग्लास के प्रयोग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के प्रवर्तन दल ने अभियान चलाकर हजारों रुपये जुर्माना वसूला। अभियान का नेतृत्व स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक मुनेश मौर्य ने किया।
अभियान के दौरान जांच में पाया गया कि कई लोग खुलेआम नालियों में गोबर बहा रहे थे, जिससे नालियां जाम हो रही थीं और क्षेत्र में गंदगी फैल रही थी। इसके अलावा प्रतिबंधित प्लास्टिक/ग्लास के प्रयोग का भी मामला सामने आया।
कार्रवाई के तहत दुकानदार दीपक पर प्रतिबंधित ग्लास के प्रयोग को लेकर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नालियों में गोबर बहाने के मामलों में विजयपाल सिंह पुत्र मुरारी लाल पर 8000 रुपये, पिंकी पत्नी नीरज सिंह पर 3500 रुपये,पूरन चंद पर 10000 रुपये, अंतु सिंह पर 8000 रुपये, माधो पर 3000 रुपये तथा विनोद पर 6000 रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 39,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
एसएफआई मुनेश मौर्य ने मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि नालियों में गोबर या किसी भी प्रकार का कचरा डालना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इससे न केवल जलनिकासी बाधित होती है, बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम प्रवर्तन दल की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया । निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *