
आगरा। शहर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार सख्ती की जा रही है। फतेहाबाद रोड क्षेत्र में एनजीटी और ग्रेप का खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए कोयला भट्टी जलाकर खाना पकाने वाले तीन रेस्टोरेंट्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
कार्रवाई के दौरान ताज रेस्टोरेंट फतेहाबाद रोड पर कोयला भट्टी जलाकर खाना तैयार किया जा रहा था, जिस पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा जीएमबी स्वीट्स पर 5 हजार रुपये और दा नवाब रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि ग्रेप लागू होने के दौरान कोयला, लकड़ी अथवा अन्य प्रदूषण फैलाने वाले ईंधनों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है, इसके बावजूद रेस्टोरेंट संचालक नियमों की अनदेखी कर रहे थे। कार्रवाई का नेतृत्व जोनल सैनिटरी ऑफिसर (जेडएसओ) ताजगंज महेंद्र सिंह ने किया। उनके साथ एसएफआई योगेंद्र कुशवाहा,नीरेन्द्र धाकरे सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी।
–नगर आयुक्त का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रेप के नियम सख्ती से लागू किए गए हैं। एनजीटी के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जा रही है। आगे भी ऐसे रेस्टोरेंट, होटल या प्रतिष्ठान जो कोयला भट्टी या प्रतिबंधित ईंधन का प्रयोग करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


