विरोध के बीच हाईवे किनारे नगर निगम और एनएचएआई ने की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस बल के आगे पस्त हुए दुकानदारों के मंसूबे , रायल एनफील्ड एजेंसी कर्मचारी जेसीबी के आगे खड़े हुए
आगरा। नगर निगम प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा शनिवार को संयुक्त रूप से सिकंदरा मंडी से गुरुद्वारा तक हाईवे किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए टिन शेड, खोखे, काउंटर, दुकानों के बोर्ड और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।
अभियान के दौरान कार्रवाई इतनी तेज और सख्त रही कि पूरे दिन हाईवे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बना रहा। दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया, वहीं कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। नगर निगम और एनएचएआई की टीमों ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ और हाईवे की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना उनकी प्राथमिकता है, जिससे यातायात सुचारू हो सके और आमजन को सुविधा मिल सके। कार्रवाई के दौरान आर जे इमरजेंसी हॉस्पिटल के कर्मचारियों द्वारा बोर्ड उखाड़े जाने पर विरोध और हंगामा करने की कोशिश की गई, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल के कारण उनके मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। वहीं दूसरी ओर रायल एनफील्ड एजेंसी के कर्मचारियों ने बोर्ड उखाड़ने पर जेसीबी के आगे खड़े होकर ख़ासा हंगामा किया। मोटरसाइकिल पुलिस की सतर्कता के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
एनएचएआई की ओर से इस अभियान में इंसीडेंट मैनेजर दीपक कसाना प्रवर्तन दल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी हाईवे किनारे अतिक्रमण के खिलाफ ऐसे अभियान जारी रहेंगे और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने भी साफ शब्दों में कहा है कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।


