नगर निगम की ओर से पांच दिन का दिया अल्टीमेटम, जमा न किया गृहकर तो होगी संपत्ति कुर्क, बड़े बकायेदारों पर निगम का बड़ा एक्शन
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने गृहकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर कुर्की वारंट जारी करना शुरू कर दिया है। डिमांड नोटिस के बावजूद गृहकर जमा न करने वाले होटल, मैरिज होम और भवन स्वामियों पर अब निगम का शिकंजा कस रहा है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने विशेष रूप से 50 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ताजगंज जोन में ही 43 होटल, 8 मैरिज होम और 28 अन्य भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर पांच दिन की मोहलत दी गई है। निर्धारित समय में भुगतान न करने वाले बकायेदारों की संपत्ति कुर्क की जाएगी। निगम का कहना है कि इन सभी पर गृहकर के रूप में लाखों रुपये का बकाया है।
—– बकायेदार प्रमुख मैरिज होम —-
जोनल अधिकारी ताजगंज गजेन्द्र सिंह ने बताया कि जिन मैरिज होम और फार्महाउस पर कुर्की वारंट जारी किया गया है, उनमें
* जोया पैलेस, कलाल खैरिया पर – ₹1,84,028 बकाया
*उपाध्याय फार्म हाउस, चमरौली पर – ₹4,46,867
*एस.बी. फार्म हाउस पर – ₹2,84,515
*सैनिक गार्डन फार्म हाउस, चमरौली पर – ₹3,44,739
*बौहरे गीताराम फार्म हाउस पर – ₹3,19,090
*पी.सी. फार्म हाउस पर – ₹4,20,754
*बृजधाम फार्म हाउस पर – ₹2,29,528 गृहकर बकाया है
इन होटलों की कुर्की की तैयारी–
गृहकर बकाये में कई बड़े होटल भी शामिल हैं। ताजगंज जोन में जिन प्रमुख होटलों पर कुर्की वारंट जारी किया गया है, उनमें—
*होटल शाही कॉन्टिनेंटल, बिंद्रा बगीची विभव नगर पर– ₹22,56,005
* पन्ना पैराडाइज, फतेहाबाद रोड पर – ₹9,15,812
*होटल गॉडफादर, ताजनगरी फेस-1 पर– ₹7,38,072
*होटल ताज प्रिंस, ताजनगरी फेस-1 पर – ₹6,21,005
*होटल ताज वेंचर, सवा सौ फुटा रोड पर – ₹3,80,000
*होटल आर एस ग्रैंड, ताजनगरी फेस-1 पर– ₹6,01,201
* होटल डीलक्स, विभव नगर पर – ₹3,27,890 बकाया है।
पांच दिन की समय सीमा समाप्त होने के बाद इन सभी प्रतिष्ठानों की कुर्की तय है।
—नगर आयुक्त का वर्जन
“नगर निगम बार-बार नोटिस देकर बकाया गृहकर जमा कराने का मौका दे रहा है। इसके बावजूद भुगतान न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अनिवार्य हो गई है। पचास हजार से अधिक बकाया रखने वाले सभी संपत्ति स्वामियों पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कीमत पर राजस्व की हानि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
— अंकित खंडेलवाल, नगर आयुक्त
