जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में भव्य रूप से मनाई जायेगी महर्षि वाल्मीकि जयन्ती

Press Release उत्तर प्रदेश
07 अक्टूबर, 2025 को महर्षि वाल्मीकि जयन्ती के अवसर पर जनपद के सभी देव मंदिरों में महर्षि वाल्मीकि रचित ’रामायण’ के अखण्ड रामायण पाठ का होगा भव्य रूप से आयोजन
आगरा-06.10.2025/आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित विश्व प्रसिद्ध कालजयी कृति रामायण महाकाव्य सामाजिक मूल्यों, मानव मूल्यों एवं राष्ट्र मूल्यों की स्थापना का आदर्श है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा अपने ग्रंथ में वर्णित स्थल, जिन्हें राम जानकी मार्ग, राम वन गमन मार्ग आदि के रूप में जाना जाता है। ऐसे लगभग 280 स्थल आज भी सम्पूर्ण भारत में विद्यमान है। उत्तर प्रदेश में राम-जानकी मार्ग, राम वन गमन मार्ग के अन्तर्गत अनेक स्थल विद्यमान है, जहां पर भारतीय संस्कृति के मूल तत्व एवं मान्यताएं आज भी सुरक्षित हैं। ऐसे महान महर्षि वाल्मीकि जी की जयन्ती को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। उक्त के सम्बन्ध में जनपद में जनपद के जनप्रतिनिधियों की गरिमामई उपस्थिति में दिनांक 07 अक्टूबर, 2025 को भव्य रूप से महर्षि वाल्मीकि जयन्ती मनाई जायेगी। सांस्कृतिक दलों तथा भजन मण्डलियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां भी प्रस्तुत की जायेगी।
इस अवसर पर जनपद में जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय एवं विकास खण्ड स्तरीय समितियों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि से सम्बन्धित स्थल मंदिर आदि पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, ध्वनि, प्रकाश एवं दरी बिछावन आदि की व्यवस्था कर, दीप प्रज्वलन/दीपदान के साथ-साथ अनवरत् 8, 12 अथवा 24 घंटे का वाल्मीकि रामायण पाठ का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम को भव्यता के साथ सम्पन्न कराये जाने के लिए एक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। साथ ही महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न देव मन्दिर में वाल्मीकि रचित ’रामायण पाठ’ कराये जाने हेतु प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति धनराशि शर्तों/प्रतिबन्धों के अधीन अवमुक्त की गई है, महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित ’रामायण’ का अखण्ड रामायण पाठ कराये जाने वाले देव मंदिरों में श्रीराम दरबार की झांकी भी निकाली जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *