— मेयर एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी
आगरा। “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत आगरा नगर निगम द्वारा संचारी रोग नियंत्रण हेतु एक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में नगर निगम स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
रैली का नेतृत्व कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने किया। रैली में एंटी लार्वा और फागिंग मशीनों को भी प्रदर्शित किया गया। इन मशीनों के द्वारा एंटी लार्वा का भी छिड़काव कराया गया। पुरानी मंडी ताजगंज से शुरू हुई रैली मलकोगली होकर नगर निगम इंटर कॉलेज में जाकर एक कार्यक्रम में तब्दील हो गई। यहां पर महापौर ने स्कूली बच्चों को संचारी रोगों से अवगत कराते हुए उनसे बचाव के प्रति जागरूक किया।
रैली का उद्देश्य भी संचारी रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि की रोकथाम हेतु जनता में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और छात्रों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाएंगे और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि आगरा को एक स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर बनाया जा सके। कार्यक्रम में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संजीव वर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ प्रजापति जेड एस ओ ताजगंज महेंद्र सिंह , एस एफआई योगेंद्र कुशवाहा, प्रदीप गौतम ,मलखान सिंह और इंद्रपाल आदि के अलावा पार्षद हेमलता चौहान आदि ने भी भाग लिया।
