नौ दुर्गा में नगर निगम करेगा नारी शक्ति का सम्मान

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा, 9 अक्टूबर। नौ दुर्गा महोत्सव के दौरान नवाचार के तहत नगर निगम अपने अपने क्षेत्र में महारथ रखने वाली नौ महिलाओं का सम्मान करेगा। इसमें उन महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी जिन्होंने नगर निगम द्वारा चलाये जा रहे स्वच्छता अभियान वेस्ट टू बंडर, स्वच्छता के प्रति जागरुकता अभियान आदि के दौरान अपना विशेष योगदान दिया हो। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल की अध्यक्षता में गठित अधिकारियों की कमेटी इनका चयन करेगी। इसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। इसके अलावा बेहतर कार्य करने के लिए नौ नगर निगम कर्मियों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। दुर्गा महोत्सव के समापन पर सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के अनुसार दुर्गा महोत्सव के दौरान आगरा नगर निगम पहली बार महिला शक्ति के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी पच्चीस इंस्पेक्टर अपने अपने क्षेत्र का एक दुर्गा पंडाल चुनकर उसका सौंदर्यीकरण कराने के साथ साथ वहां पर जीरो वेस्ट ईवेंट कराते हुए अर्पण कलश रखवाएंगे। इनमें से प्रथम तीन श्रेष्ठ पांडालों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रत्येक एसएफआई, सीएसएफआई अपने वार्डों के नौ ऐसे स्थानों का सौंन्दर्यीकरण कराएंगे जहां पहले कूड़ा पड़ता था। सबसे बेहतर कार्य करने वाले जेडएसओ, सीएसएफआई और जेई को चिंहित कर पुरस्कृत किया जाएगा।

—पंडालों लिखवाए जा रहे स्वच्छता के संदेश—

नगर आयुक्त ने बताया कि दुर्गा पूजा के लिए नगर में सजाए जा रहे पंडालों में नगर निगम की ओर से स्वच्छता के संदेश लिखवाने और बैनर लगाने के साथ ही जागरुकता अभियान भी चलाया जा रहा है। लोगों को गीला व सूखा कचरा अलग अलग रखने के साथ ही जीरो वेस्ट इंवेंट करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पूजा के लिए पंडालों में आने वाले भक्तों को सिंगिल यूज प्लास्टिक यूज न करने की शपथ भी दिलाई जा रही है।

—पंडालों में रखवाए गये अर्पण कलश—

नगरनिगम की ओर से दुर्गा पंडालों में रखी गयीं मैया की मूर्तियों के विसर्जन की व्यवस्था भी की जा रही है। पंडालों में अपर्ण कलश रखवाए जा रहे हैं। इच्छुक भक्त इनमें माता की मूर्तियों का विसर्जन कर पाएंगे। इसके अलावा मूर्तियों पर चढ़ने वाली फूल मालाओं को भी अर्पण कलश में एकत्रित कर कंपोस्टिंग प्लांट तक भेजा जाएगा। शहर के पच्चीस स्थानों पर इस प्रकार की व्यवस्था की जा रही है। निगम के जेई ने सभी स्थानों का सर्वे कर व्यवस्थाएं बनाना शुरु कर दी हैं।

—यमुना किनारे खोदे जा रहे कुण्ड—-
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर निगम यमुना किनारे भी व्यापक व्यवस्थाएं करने जा रहा है। मूर्तियों के विसर्जन के लिए यमुना के किनारे कुण्ड खुदवाएं जा रहे हैं। नौ दुर्गा महोत्सव समापन के बाद लोग मूर्तियों का सीधे यमुना में विसर्जन न कर इन कुण्डों में विसर्जन कर माता को विदा करेंगे। यमुना के घाटों पर भी नगर निगम की ओर से विसर्जन कलश भी रखवाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *