सात करोड़ से बनेगा 80 टन क्षमता का ट्रांसफर स्टेशन, कचरा ढुलाई होगी आसान

Press Release उत्तर प्रदेश

—- यमुना किनारा रोड पर वाटर वर्क्स के पास फिक्स्ड कंपैक्टर ट्रांसफर स्टेशन और वॉशिंग स्टेशन का महापौर ने किया शिलान्यास

आगरा। शहर की ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और कदम बढ़ाया है। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत वाटर वर्क्स के समीप करीब 7.10 करोड़ रुपये की लागत से 80 टन प्रतिदिन क्षमता वाले फिक्स्ड कंपैक्टर ट्रांसफर स्टेशन और आधुनिक वॉशिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना का आज महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने जलकल विभाग प्रांगण के समीप शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने कहा कि नया ट्रांसफर स्टेशन शहर से एकत्र होने वाले ठोस कचरे के वैज्ञानिक और व्यवस्थित परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ कचरे को आगे भेजने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और ट्रांसफर स्टेशन शुरू होने के बाद कचरा ढोने वाले वाहनों की लंबी दूरी की आवाजाही कम होगी।

—– छत्ता जोन से कुबेरपुर तक वाहनों की दौड़ घटेगी

पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में छत्ता जोन से कचरा लेकर कई वाहन सीधे कुबेरपुर तक जाते हैं। नए ट्रांसफर स्टेशन के संचालन से इन वाहनों की संख्या में कमी आने की उम्मीद है। इससे समय और ईंधन की बचत होगी तथा वाहनों का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा। कचरा उठान की दक्षता बढ़ने से शहर की सफाई व्यवस्था को भी लाभ मिलेगा। परियोजना के तहत ट्रांसफर स्टेशन के साथ ही वॉशिंग स्टेशन भी विकसित किया जा रहा है। यहां स्वच्छता कार्य में लगे वाहनों की नियमित सफाई और रखरखाव किया जा सकेगा। इससे वाहनों की कार्यक्षमता बनाए रखने में मदद मिलेगी और सफाई व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
परियोजना का उद्देश्य केवल कचरा स्थानांतरण की व्यवस्था विकसित करना नहीं, बल्कि शहर की पूरी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को अधिक वैज्ञानिक, प्रभावी और पर्यावरण अनुकूल बनाना है। इससे स्वच्छता सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ संसाधनों की भी बचत होगी।
बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाते हुए आगरा को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह परियोजना आने वाले समय में शहर की कचरा प्रबंधन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना साबित होगी। कार्यक्रम का संचालन वार्ड 65 बेलनगंज के पार्षद अनुराग चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य,एस एफआई सुदेश यादव के अलावा पार्षद हेमंत प्रजापति, शरद चौहान, राकेश जैन,अनुज शर्मा,निशांत सिंह,रिषभ गुप्ता के अलावा स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *