लोगों को दिलाई स्वच्छता की शपथ, स्वच्छ शहर बनाने का किया आह्वान
आगरा। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर में स्वच्छता और सार्वजनिक शौचालयों के बेहतर रखरखाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर जोन ताजगंज के वार्ड संख्या-09 में ईदगाह बस स्टैंड के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय पर विशेष सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ) ताजगंज राजीव बालियान एवं नरेंद्र धाकरे के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में नगर निगम की आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) टीम ने सक्रिय भागीदारी की। अभियान के दौरान सार्वजनिक शौचालय की विशेष साफ-सफाई कराई गई। साथ ही रंगोली बनाकर स्वच्छता का आकर्षक संदेश दिया गया। यहां आने-जाने वाले लोगों को सार्वजनिक शौचालयों के उपयोग, उनकी स्वच्छता बनाए रखने और आसपास गंदगी न फैलाने के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान आयोजित स्वच्छता शपथ कार्यक्रम में लोगों ने सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने, शौचालयों का उचित उपयोग करने और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करने का संकल्प लिया। अभियान का उद्देश्य केवल सार्वजनिक शौचालयों की सफाई तक सीमित न रहकर आमजन को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। नगर निगम की ओर से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छ शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने में जनसहयोग बेहद जरूरी है।अभियान में जोन इंचार्ज अंकित कुशवाह और सुफियान के साथ टीम सदस्य त्रिफान सिंह, योगेंद्र ठाकुर, सोनी एवं तनु मौजूद रहे।


