लोहा मंडी बोदला रोड पर ठेल-धकेल पर नगर निगम का शिकंजा, कई ठेले जब्त

Press Release उत्तर प्रदेश

—- कारोबारियों की शिकायत पर बोदला-लोहामंडी रोड पर कार्रवाई, यातायात में बाधा और कारोबार प्रभावित होने का लगाया था आरोप

आगरा। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नगर निगम की टास्कफोर्स ने मंगलवार को बोधला-लोहामंडी रोड स्थित बीएस कॉम्प्लेक्स के बाहर और आसपास अवैध रूप से खड़े होने वाले ठेल-धकेल और अन्य दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने सड़क और कॉम्प्लेक्स के सामने अव्यवस्थित रूप से खड़े कई ठेलों को हटवाया तथा कुछ ठेलों को जब्त भी कर लिया। नगर निगम की कार्रवाई से मौके पर काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही।
दरअसल, बीएस कॉम्प्लेक्स के कारोबारियों ने नगर आयुक्त से शिकायत की थी कि मार्केट के सामने बड़ी संख्या में ठेल-धकेल खड़े होने के कारण ग्राहकों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कारोबारियों का कहना था कि सड़क किनारे अस्थायी रूप से दुकानें लगने से कॉम्प्लेक्स के सामने रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही उनके कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर निगम की टास्कफोर्स एस एफआई इंद्रपाल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ठेल-धकेल तथा अन्य दुकानदारों को हटाना शुरू किया। टीम ने मौके पर मौजूद ठेलों को हटवाने के साथ ही कुछ ठेलों को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों की टास्कफोर्स के साथ नोकझोंक भी हुई। दुकानदार कार्रवाई का विरोध करते नजर आए, लेकिन नगर निगम की टीम ने सड़क और सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत देते हुए कार्रवाई जारी रखी। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह से अवरोध पैदा करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद बीएस कॉम्प्लेक्स के बाहर सड़क किनारे खड़े होने वाले ठेल-धकेल हट गए, जिससे रास्ता काफी हद तक साफ नजर आया। अधिकारियों का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *