वसूली में शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों पर गिरेगी गाज

Press Release उत्तर प्रदेश


—– लंबित कार्यों में देरी पर सख्त हुए कर निर्धारण अधिकारी, राजस्व कर्मियों को कार्रवाई की चेतावनी
—- गृहकर वसूली में तेजी लाने और बकाया बिल जारी करने के निर्देश, समीक्षा बैठक में तय हुई रणनीति

आगरा। नगर निगम की राजस्व वसूली को गति देने और लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार देर शाम नगर निगम कार्यकारिणी हाल में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने कहा कि गृहकर वसूली नगर निगम की आय का प्रमुख स्रोत है, इसलिए वसूली कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी राजस्व कर्मियों को क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए वसूली अभियान में तेजी लाने और बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष रूप से सरकारी विभागों, संस्थानों तथा अन्य बड़े बकायेदार भवनों के लंबित गृहकर मामलों की समीक्षा की गई। श्री गौतम ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी भवनों के कर बिल तत्काल जारी किए जाएं तथा बकाया राशि की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारों से समयबद्ध वसूली नगर निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न जोनों में लंबित प्रकरणों, कर निर्धारण, नामांतरण, संशोधन तथा बकाया वसूली की प्रगति का भी आकलन किया गया। जिन मामलों में अनावश्यक देरी पाई गई, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य में लापरवाही, उदासीनता या लक्ष्य प्राप्ति में अनावश्यक विलंब करने वाले राजस्व कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए राजस्व संग्रह बढ़ाने और नगर निगम की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया तथा आगामी दिनों में वसूली अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक रणनीति पर चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *