
—– एक दर्जन से अधिक ठेले, टिन शेड और काउंटर जब्त, गंदगी फैलाने वालों पर सात हजार से अधिक का जुर्माना
आगरा। शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को खंदारी कैंपस से लेकर टाटा गेट तक व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। नगर निगम की कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार स्वयं ही अपना सामान हटाते नजर आए।
नगर निगम की टीम ने खंदारी कैंपस, खंदारी चौराहा, सिकंदरा-बोधला चौराहा, रामनगर पुलिया तथा टाटा गेट के आसपास सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर लगाए गए ठेले, टिन शेड, काउंटर और अन्य अवैध ढांचों को हटवाया। अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक ठेल-धकेल, टिन शेड और काउंटर जब्त कर नगर निगम के कब्जे में ले लिए गए।
कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध भी जुर्माना लगाया गया। नगर निगम की टीम ने विभिन्न दुकानदारों से कुल सात हजार रुपये से अधिक का अर्थदंड वसूलते हुए भविष्य में दोबारा अतिक्रमण या गंदगी फैलाने पर और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
अभियान के चलते कई स्थानों पर यातायात भी सुचारु हुआ और सड़क किनारे फैले अतिक्रमण हटने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को राहत मिली। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे फुटपाथ और सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना, जब्ती और अन्य विधिक कार्रवाई आगे भी निरंतर की जाएगी।
अभियान का नेतृत्व जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ) मनोज पाल ने किया। उनके साथ एसएफआई इन्द्रजीत और जोगेन्दर सहित नगर निगम की प्रवर्तन एवं स्वच्छता टीम मौजूद रही। अभियान के दौरान निगम कर्मियों ने अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई।


