—- खराब मौसम के बीच नगर निगम के अथक और सतत प्रयास रंग लाए
नगर परिक्रमा का रूट तैयार, 300 अस्थायी लाइटों से जगमगाया मार्ग
—– बल्केश्वर मंदिर पर परिक्रमार्थियों पर की गई पुष्पवर्षा, घाटों पर बैरीकेडिंग; पंडाल में दिया गया चाय-पानी
आगरा। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देशन में नगर निगम कर्मियों के सतत और अथक प्रयासों से रविवार शाम से सावन के दूसरे सोमवार को निकलने वाली नगर परिक्रमा मार्ग पर सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर ली गईं। रविवार दोपहर से पहले नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों और पार्षदों के साथ पूरे परिक्रमा मार्ग का अंतिम निरीक्षण किया।
पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण परिक्रमा मार्ग की तैयारियों में खलल पड़ रहा था। शनिवार को मौसम ठीक होने के बाद नगर निगम प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अधिकारी और कर्मचारियों की फौज मैदान में उतर पड़ी थी। इसका परिणाम यह हुआ कि परिक्रमा शुरू होने से कई घंटे पहले ही परे परिक्रमा मार्ग को दुरुस्त कर लिया गया। कच्चे और ऊबड़-खाबड़ हिस्सों को बालू और मिट्टी डालकर समतल कराया गया जबकि पूरे मार्ग पर करीब 300 अस्थायी लाइटें लगा दी गई थीं।
नगर परिक्रमा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने सफाई, प्रकाश, पेयजल और विश्राम की विशेष व्यवस्था की थी। परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए करीब 100 लोगों की क्षमता वाला पंडाल लगाया गया था। यहां परिक्रमार्थियों के लिए चाय और पानी की व्यवस्था की गई थी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यमुना घाटों पर बैरीकेडिंग कराई गई। परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले मंदिरों पर अर्पण कलश और डस्टबिन रखवाए गए। नगर निगम की सफाई टीमें परिक्रमा के दौरान मार्ग पर लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखेंगी। प्रकाश व्यवस्था के लिए करीब 300 अस्थायी लाइटें लगाई गई हैं, जिससे रात में भी श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
पुष्पवर्षा से होगा स्वागत—-
नगर परिक्रमा के दौरान बल्केश्वर मंदिर पर नगर निगम की ओर से परिक्रमार्थियों का विशेष स्वागत किया गया। यहां महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी परिक्रमार्थियों पर पुष्पवर्षा की गई।
अंतिम निरीक्षण में परखी व्यवस्थाएं—–
रविवार को हुए अंतिम निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूरे परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश, सफाई, पेयजल, पंडाल, बैरीकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं को परखा। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिक्रमा के दौरान किसी भी स्तर पर व्यवस्था में कमी नहीं रहनी चाहिए। श्रद्धालुओं को रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम की टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, जोनल अधिकारी हरिपर्वत जितेन्द्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण में वार्ड 88 के पार्षद वेद गोस्वामी, वार्ड 74 की पार्षद गौरा देवी, वार्ड 51 के पार्षद निशांत सिंह, वार्ड 91 के पार्षद मुरारी लाल गोयल, वार्ड 56 की पार्षद पूजा बंसल और वार्ड 84 के पार्षद हरिओम गोयल मौजूद रहे।
नगर निगम प्रशासन के मुताबिक परिक्रमा समाप्त होने तक सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।


