
—- नगर आयुक्त के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
—-नगर आयुक्त को सौंपी आख्या रिपोर्ट
आगरा। ताजगंज क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 स्थित नगला पैमा के दिन अब बहुरने वाले हैं। वर्षों से बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे इस क्षेत्र में नगर निगम द्वारा शीघ्र ही जलनिकासी के लिए नालियों का निर्माण और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराई जाएगी। इससे क्षेत्रवासियों को जलभराव और अंधेरे की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय नागरिकों ने विगत दिनों नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से मुलाकात कर नगला पैमा में लंबे समय से चली आ रही जलभराव, स्ट्रीट लाइट न होने और आवागमन में हो रही परेशानियों से अवगत कराया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे।
नगर आयुक्त के निर्देश पर आज सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने जेड एस ओ ताजगंज महेंद्र सिंह एवं ताजमहल 500 मीटर बाजार कमेटी के पदाधिकारियों के साथ नगला पैमा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्षेत्र में अब तक जलनिकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण घरों का पानी सड़कों और आसपास के खेतों में भर जाता है। इससे न केवल आम नागरिकों को बल्कि किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के बाद इस संबंध में जानकारी देते हुए एस एन ए ने बताया कि क्षेत्रीय समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नगला पैमा में जल्द ही नालियों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। साथ ही, सुरक्षा और सुविधा के मद्देनज़र स्ट्रीट लाइट भी लगवाई जाएंगी, जिससे रात्रि में लोगों को आवागमन में दिक्कत न हो।
सहायक नगर आयुक्त ने निरीक्षण के उपरांत अपनी आख्या नगर आयुक्त को सौंप दी है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर कार्यों को प्राथमिकता पर लेते हुए जल्द अमल में लाया जाएगा।


