क्या कन्नौज पर अपना फैसला बदलेंगे अखिलेश यादव? कार्यकर्ताओं से मांगा 24 घंटे का समय

Politics

कन्नौज पर अपना फैसला बदलेंगे अखिलेश यादव? कार्यकर्ताओं से मांगा 24 घंटे का समय

लखनऊ। यूपी की कन्नौज लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने भतीजे तेज प्रताप यादव को टिकट देने की घोषणा कर दी है।  इस सीट को लेकर सस्पेंस बना हुआ था। लेकिन बीते सोमवार को अखिलेश ने तेज प्रताप को यहां ये उम्मीदवार घोषित कर दिया।  इस फैसले से समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी हैरान हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के कार्यकर्ता चाहते हैं कि कन्नौज से अखिलेश चुनावी मैदान में उतरें।

पार्टी के नेता और कार्यकर्ता तेज प्रताप को टिकट देने के फैसले से खुश नहीं हैं और न ही वो इस फैसले को मानने के लिए तैयार हैं। टिकट के ऐलान के बाद से ही पार्टी नेता लगातार अखिलेश से मुलाकात कर फैसला बदलने की मांग कर रहे हैं। यहां के नेताओं का कहना है कि कन्नौज समाजवादी पार्टी की मजबूत सीट है ऐसे में वो लोग चाहते हैं कि इस सीट से तेज प्रताप की जगह खुद अखिलेश चुनाव लड़ें ताकि पार्टी यहां जीत सके।

अखिलेश ने मांगा 24 घंटे का समय 

अखिलेश से मुलाकात कर लौटे नेताओं का कहा कि उन्होंने अपनी बात पार्टी प्रमुख के सामने रख दी है और फैसला बदलने की मांग की।नेताओं ने कहा कि इसके लिए अखिलेश ने 24 घंटे का समय मांगा है। नेताओं ने बताया कि अखिलेश ने उन्हें 24 घंटे में फैसला करने का आश्वासन दिया है।

सपा का गढ़ माना जाता है कन्नौज

दरअसल कन्नौज जिला उत्तर प्रदेश की सियासत में अहम स्थान रखता है। इसे समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है. यहां पार्टी का अच्छा खासा वर्चस्व है। लोगों के बीच पार्टी की अच्छी पकड़ है। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव यहां से सांसद चुने जा चुके हैं। 2014 के चुनाव में बीजेपी के टिकट पर सुब्रत पाठक को डिंपल यादव के हाथों हार मिली थी।

2019 में कन्नौज से जीती थी बीजेपी

हालांकि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के गढ़ में बीजेपी सेंध लगाने में कामयाब रही थी। 2019 के संसदीय चुनाव में कन्नौज संसदीय सीट पर बीजेपी के सुब्रत पाठक और सपा की डिंपल यादव के बीच कड़ा मुकाबला रहा था।जिसमें सुब्रत पाठक ने जीत दर्ज की थी।

ऐसे में पार्टी नेता चाहते हैं कि इस सीट से अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव लड़ें। जिसके लिए नेता लगातार अखिलेश से आग्रह कर अपने फैसले को बदलने की मांग कर रहे हैं। अब सवाल उठता है कि क्या अखिलेश चुनाव लड़ेंगे। हाल के दिनों में कई बार अखिलेश ने कन्नौज का दौरा किया। कयास लगाए जा रहे थे कि अखिलेश कन्नौज या आजमगढ़ से चुनाव लड़ सकते हैं लेकिन दोनों ही जगहों पर उन्होंने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर के सभी अटकलों को विराम दे दिया। ऐसे में देखना है क्या अखिलेश अपना फैसला बदलेंगे।

-एजेंसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *