मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के संरक्षण एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में आगरा मंडल में दिनांक 16 सितंबर से 01 अक्टूबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत 16 सितंबर को राजभाषा पखवाड़े का उद्घाटन एवं मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। इसके उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
17 सितंबर को अधिकारियों के लिए हिंदी निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका “दैनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग से आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति क्षमता का विकास” रखा गया एवं आगरा कैंट स्टेशन पर कर्मचारियों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय “हिंदी में काम, हिंदी में संवाद : सरल भाषा से बेहतर कार्यसंस्कृति की ओर” था।
18 सितंबर को मंडल कार्यालय के गोवर्धन सभाकक्ष में कर्मचारियों के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न विभागों से कुल 24 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया व राजभाषा विभाग एवं सांस्कृतिक टीम, आगरा द्वारा संयुक्त रूप से आगरा कैंट स्टेशन पर हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया।
19 सितंबर को राजभाषा विभाग द्वारा आगरा फोर्ट एवं ईदगाह स्टेशन पर निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।आगरा फोर्ट स्टेशन पर आयोजित प्रतियोगिता में 22 कर्मचारियों तथा ईदगाह स्टेशन पर आयोजित प्रतियोगिता में 15 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में निबंध का विषय “रेल यात्रा एवं मेरे अनुभव” रखा गया।
21 सितंबर को राजभाषा विभाग द्वारा महुवा मंडावर रोड स्टेशन पर विषय रेलवे में हिन्दी का प्रयोग:चुनौतियां एवं सम्भावनाएँ विषय पर निबंध प्रतियोगिता तथा अछनेरा स्टेशन पर भी निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया|
22 सितंबर को गोवर्धन सभाकक्ष में स्वछता ही सेवा है विषय पर वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया गया ।
23 सितंबर को हिंदी कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न हिंदी कविताओं का पाठ किया। प्रत्येक प्रतिभागी को कविता पाठ के लिए पांच मिनट का समय निर्धारित किया गया।
राजभाषा पखवाड़े के शेष दिनों में भी विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं प्रसार को प्रोत्साहित करना है।


