
आगरा। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गिरीश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आगरा मंडल में विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर संचालित किया जा रहा है।अभियान के अंतर्गत स्टेशनों एवं रेलवे कार्यालयों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 22.09.2026 को रेलवे स्टेशनों पर नालियों एवं शौचालयों की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। जहां-जहां सौर ऊर्जा से संचालित उपकरण स्थापित हैं, उन्हें कार्यशील एवं उपयोगी स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल सके तथा ऊर्जा संरक्षण के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके। रेलवे कार्यालयों में ‘क्लीन डेस्क’ व्यवस्था अपनाने, अनावश्यक प्रिंटिंग को न्यूनतम करने तथा अधिक से अधिक डिजिटल दस्तावेजीकरण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। बैठकों एवं कार्यालयीन गतिविधियों में डिस्पोजेबल प्लास्टिक की बोतलों एवं कपों के स्थान पर पुन: उपयोग योग्य (Reusable) बोतल एवं कप के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इन प्रयासों का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल एवं संसाधन-कुशल बनाना तथा कर्मचारियों एवं यात्रियों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को और मजबूत करना है।


