​अनुशासन ही जीवन रक्षा का कवच: आगरा कॉलेज में सड़क सुरक्षा कार्यशाला, एडिशनल CP ने युवाओं को दिया सुरक्षा का मंत्र

Press Release

आगरा। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और लापरवाह ड्राइविंग के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए आगरा कॉलेज के रोड सेफ्टी क्लब ने ‘सड़क सुरक्षा: मानव व्यवहार एवं जिम्मेदारी’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। कार्यक्रम का उद्देश्य था कि यातायात नियमों को केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा की आदत बनाया जाए।

कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अखिलेश कुमार द्विवेदी और प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया।

“सड़क सुरक्षा नियम नहीं, जिम्मेदारी है”

अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने कहा कि आग और पहिया मानव सभ्यता की बड़ी उपलब्धियां हैं, लेकिन उनका गैर-जिम्मेदार उपयोग समाज के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को व्यवहार और जिम्मेदारी से जोड़ते हुए कहा कि सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करना जरूरी है।

आरटीओ अखिलेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि परिवहन आज जीवन की अनिवार्यता है, लेकिन अनुशासन के बिना यही सुविधा अभिशाप बन जाती है। उन्होंने युवाओं से नियमों को बोझ नहीं, सुरक्षा कवच मानने की अपील की।

उप सड़क परिवहन आयुक्त आलोक अग्रवाल ने कहा कि तेज़ चलना सफलता नहीं, सुरक्षित पहुंचना सफलता है। धैर्य और सावधानी ही दुर्घटनाओं से बचाती है।

विद्यार्थियों को दिया अनुशासन का संदेश

अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कहा कि एक क्षण की लापरवाही पूरे परिवार को संकट में डाल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार चालक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिव कुमार सिंह ने मद्यपान, तनाव और जल्दबाज़ी में वाहन न चलाने की सलाह दी। संचालन डॉ. अनुराग पालीवाल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. पूनम चांद ने दिया।

प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत हुई प्रतियोगिताओं में निबंध, चित्रकला, क्विज, भाषण और नुक्कड़ नाटक के विजेताओं को प्रमाण-पत्र दिए गए। निबंध में पार्थ सिंह, चित्रकला में शिफा फातिमा, क्विज में आकाश यादव और भाषण में अभिषेक पाल सिंह प्रथम रहे। नुक्कड़ नाटक में सुमित कुमार व टीम को पहला स्थान मिला।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र शामिल हुए। कॉलेज प्रशासन ने इसे सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक पहल बताया और ऐसे आयोजन आगे भी जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *