पालीवाल पार्क में 100 फुट ऊंचे पोल पर लहरायेगा तिरंगा

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नगर आयुक्त ने पालीवाल पार्क और जोंस लाइब्रेरी में चल सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का किया निरीक्षण

आगरा। नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पालीवाल पार्क में 100 फुट ऊंचे फ्लैग पोल (ध्वज स्तंभ) के निर्माण की योजना बनाई गई है, जिस पर विशाल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया जाएगा। इसके लिए जोंस लाइब्रेरी के पास स्थान भी चिन्हित कर लिया गया है।

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने आज पालीवाल पार्क एवं जोंस लाइब्रेरी में चल रहे पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों, तकनीकी मानदंडों एवं समय सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। कहा कि पालीवाल पार्क शहर की ऐतिहासिक धरोहर है और यहां 100 फुट ऊंचे फ्लैग पोल की स्थापना से न केवल पार्क की भव्यता बढ़ेगी, बल्कि यह नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करेगा। उन्होंने पार्क में हरियाली, पाथवे, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जोंस लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक इमारतों के पुनरुद्धार में उनकी मूल पहचान और वास्तुकला को सुरक्षित रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के समय सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, क्षेत्रीय अवर अभियंता हरी ओम सहित निर्माण विभाग के अधिकारी एवं आर्किटेक्ट भी उपस्थित रहे । अधिकारियों ने नगर आयुक्त को कार्यों की प्रगति से अवगत कराया तथा आवश्यक तकनीकी जानकारियां साझा कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *