व्यापारियों को एमएसएमई और जीएसटी पर मिली नई दिशा

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा में जागरूकता सेमिनार में उमड़ी भीड़, सरकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं और टैक्स नियमों पर विशेषज्ञों ने दी उपयोगी जानकारी

आगरा। बदलते व्यापारिक माहौल में छोटे और मध्यम कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को आगरा के जन्नत होटल, जीवनी मंडी में एक विशेष जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (जिला महानगर आगरा) और फाउंडेशन फॉर एमएसएमई क्लस्टर्स (FMC) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम ‘आर्थिक आरोग्य केंद्र’ परियोजना के अंतर्गत संपन्न हुआ। सेमिनार में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने व्यापारियों को एमएसएमई योजनाओं के व्यावहारिक लाभ समझाते हुए बताया कि सही पंजीकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी से छोटे व्यापार भी बड़े स्तर तक पहुंच सकते हैं। कारोबार विस्तार, बैंक ऋण, सब्सिडी, सरकारी सहायता और वित्तीय प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में व्यापारियों के लिए केवल अनुभव ही नहीं, बल्कि सही जानकारी और तकनीकी समझ भी बेहद जरूरी है।
सेमिनार में जीएसटी से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं पर विशेष फोकस रहा। व्यापारियों को रिटर्न फाइलिंग, कर अनुपालन, डिजिटल रिकॉर्ड रखने और समय-समय पर बदलने वाले टैक्स प्रावधानों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि कर संबंधी छोटी लापरवाहियां भविष्य में बड़े आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती हैं, इसलिए जागरूकता ही सबसे बड़ा समाधान है।
इसके अलावा व्यापारियों को कौशल विकास और आधुनिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देकर डिजिटल और व्यवस्थित व्यापार मॉडल अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों ने भी विभिन्न समस्याओं और अनुभवों को साझा किया, जिससे सेमिनार संवादात्मक और उपयोगी बन गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम व्यापारियों को नई संभावनाओं, सरकारी सुविधाओं और आधुनिक व्यापारिक रणनीतियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। जिला प्रशिक्षक विशाल शर्मा और राज्य समन्वयक बृजेश पाल ने भी व्यापारियों को संबोधित करते हुए योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार गुरनानी, प्रदेश मंत्री दीपक शर्मा, प्रदेश संयुक्त महामंत्री किशोर बुधरानी,मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी, राम कुमार गोयल, अनुराग गोयल,रोहित आयलानी, निखिल मतलानी,अमित गर्ग, अंकित बंसल, प्रवीन कुमार, शैलेश खंडेलवाल, राजेंद्र सिंह, विकास जेठवानी,रामसु शर्मा, जितेंद्र गहलोत, मुकेश शर्मा संजीव शर्मा, शुभम गर्ग, महिला अध्यक्ष आशा अग्रवाल,सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *