
नगर निगम ने शुरू किया विशेष अभियान
नगर आयुक्त बोले—‘गुणवत्ता पर होगी सख्त निगरानी
आगरा। बरसात का मौसम भले ही अब समाप्ति की ओर है, लेकिन इसके असर से शहर की सड़कों की हालत काफी खराब हो चुकी है। जगह-जगह पड़े गड्ढों से लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी समस्या को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने गड्ढा मुक्ति अभियान की शुरुआत कर दी है।
मुख्य अभियंता (निर्माण) बी.एल. गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष अतिवृष्टि के कारण सड़कों को अपेक्षा से अधिक नुकसान हुआ है। अब जैसे-जैसे बरसात का असर कम हो रहा है, विभाग ने शहर की चारों जोनों में सर्वे कर गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि **त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले सभी प्रमुख मार्गों पर गड्ढे भर दिए जाएंगे, ताकि नागरिकों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर सड़कें अधिक क्षतिग्रस्त हैं, वहां पर ठेकेदारों के माध्यम से मरम्मत कराई जाएगी। अभियान की गति और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्जन ——
‘नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि बरसात के कारण शहर की सड़कें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। अब निगम का लक्ष्य है कि आगामी त्योहारों से पहले मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र पूरी तरह गड्ढामुक्त हो जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ठेकेदारों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही कार्य करना होगा।’
नगर निगम का दावा है कि इस बार गड्ढा मुक्ति अभियान केवल अस्थायी पैचवर्क तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर सड़क की पूरी परत बदली जाएगी। प्रशासन का मानना है कि त्योहारों के दौरान शहर की रौनक और आवागमन दोनों को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़कें गड्ढामुक्त होना बेहद जरूरी है।
