प्रदेश में पीएम आवास योजना शहरी 2.0 की पहली किस्त 18 जनवरी को होगी जारी

Press Release उत्तर प्रदेश

 जनपद के 3828 लाभार्थियों को मिलेगा लाभ, पीएम आवास योजना पूरी तरह निःशुल्क, दलालों से सावधान रहें

आगरा । प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत जनपद आगरा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत जनपद आगरा में 18 जनवरी को 3828 लाभार्थियों को प्रथम किस्त मुख्यमंत्री के द्वारा जारी की जाएगी, जिससे हजारों जरूरतमंद परिवारों के अपने पक्के घर का सपना साकार होने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

परियोजना अधिकारी (डूडा) / अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार द्वारा जानकारी दी गई है कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 पूरी तरह निःशुल्क योजना है। योजना के अंतर्गत किसी भी प्रकार का कोई शुल्क लाभार्थियों से नहीं लिया जाता है। उन्होंने जनपदवासियों को स्पष्ट रूप से आगाह किया है कि यदि कोई व्यक्ति या दलाल प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त दिलवाने के नाम पर किसी भी प्रकार की धनराशि की मांग करता है, तो वह पूरी तरह अवैध है। ऐसी किसी भी स्थिति में नागरिक डूडा विभाग,नगर निगम कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 9151999101 भी जारी किया गया है, जिस पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शासन की मंशा है कि योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दलालों के बहकावे में न आएं और योजना से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत अधिकारियों से ही संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *