
शहीद नगर वार्ड में सफाई व्यवस्था पर सख्ती
आगरा। शहीद नगर वार्ड के आनंद नगर स्थित अंबेडकर पार्क के समीप गंदगी पाए जाने पर सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में फैली गंदगी को लेकर उन्होंने जेडएसओ ताजगंज महेंद्र सिंह, एसएफआई योगेंद्र कुशवाहा एवं सफाई नायक को चेतावनी देते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।
सहायक नगर आयुक्त ने तत्काल अंबेडकर पार्क के पास खाली पड़े प्लॉट की पूर्ण सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित प्लॉट स्वामी को नोटिस जारी कर बाउंड्री वॉल निर्माण कराने के भी आदेश दिए, जिससे भविष्य में खाली पड़े प्लॉट में कूड़ा-करकट न फेंका जा सके और क्षेत्र की स्वच्छता बनी रहे।
एसएनए ने बताया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में खेरिया मोड़ स्थित मैदान की सफाई के लिए रविवार को नगर निगम द्वारा एक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में लगभग 200 सफाई कर्मी भाग लेंगे और पूरे मैदान की गहन सफाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खेरिया मोड़ स्थित इस मैदान के सौंदर्यीकरण की योजना भी तैयार की जा रही है, ताकि क्षेत्रवासियों को एक स्वच्छ एवं सुंदर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराया जा सके। नगर निगम का उद्देश्य है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता के उच्च मानकों को सुनिश्चित किया जाए और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।
