नगर निगम में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता का उत्सव, गंदगी से शहर को आजादी दिलाने का लिया संकल्प, महापौर और नगरायुक्त ने किया ध्वजारोहण

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। नगर निगम परिसर में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगरायुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। नगर निगम प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस को शहर को गंदगी से आजादी दिलाने के संकल्प के रूप में मनाया। अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों ने स्वच्छता को जनभागीदारी से मजबूत करने का संकल्प लिया।
समारोह की शुरुआत दृष्टिबाधित एवं मूक-बधिर बच्चों और नगर निगम स्कूल की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति से हुई। राष्ट्रगान के दौरान नगर निगम परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करने का दिन है। देश की आजादी को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता भी राष्ट्रसेवा का ही एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ ही नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालें और नगर निगम की सफाई व्यवस्था में सहयोग करें। घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित व्यवस्था के तहत ही निगम के सफाईकर्मियों को दें। शहर को गंदगी से मुक्त बनाकर ही स्वतंत्रता दिवस के संकल्प को सही मायने में पूरा किया जा सकता है।
समारोह में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में पार्षदगण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *