Agra News: ‘धरा पर गंगा अवतरण’ के साथ ताज महोत्सव का रंगारंग आगाज, यमुना आरती व फूलों की होली ने बांधा समां

State's

आगरा। हस्तशिल्प और संस्कृति का महाकुंभ ताज महोत्सव का मंगलवार की सायं रंगारंग आगाज हो गया। शिल्पग्राम में सायंकाल केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने जैसे ही फीता काटकर ताज महोत्सव का शुभारंभ किया, समूचा परिसर ढोल तासों से गूंज उठा।

ताज महोत्सव में हस्तशिल्पियों का कई दिन पहले से आना शुरू हो गया था। आज सुबह भी कई राज्यों के हस्तशिल्पी अपने अपने सामानों के साथ आगरा पहुंचे। उद्योग विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शिल्पियों को स्टाल आवंटित करने में जुटे रहे। महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, मंडल आयुक्त शैलेंद्र सिंह, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉल पर जाकर शिल्पियों से बात की तथा उनके उत्पाद निर्माण प्रक्रिया को जाना।

लखनऊ की डॉ. सुरभि शुक्ला व उनकी टीम द्वारा महाकुंभ थीम पर आधारित ‘धरा पर गंगा अवतरण’ की अपनी नृत्यांजलि से मनमोहक व भावविभोर करने वाली प्रस्तुति के साथ ताज महोत्सव-2025 का आगाज हो गया। मुरारी लाल शर्मा व उनकी टीम ने रास व ब्रज की फूलों की होली से समां बांधा। श्रद्धा मिश्रा ने गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।

ताज महोत्सव में यमुना किनारा स्थित यमुना आरती कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, काशी, अयोध्या की तरह यमुना आरती का आयोजन बहुत भव्य रूप से किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री बघेल ने कहा कि ताज महोत्सव में हमारी संस्कृति, लोक कला को जानने का मौका मिलेगा। इस महोत्सव में प्रदेश के उत्पादों के साथ साथ अन्य प्रदेशों के उत्पादों को भी देखने और समझने का मौका मिलेगा। ताज महोत्सव में विभिन्न खान पान की विभिन्न स्टॉल के साथ, देश के अलग अलग राज्यों के उत्पाद भी उपलब्ध हैं। जो लोग कश्मीर, राजस्थान, बंगाल नहीं जा सकते वो सब यहां उपलब्ध है।

समूचे शिल्पग्राम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। ताज महोत्सव के मुख्य आयोजन तो शिल्पग्राम में ही होंगे जबकि कुछ कार्यक्रम सदर बाजार, सूरसदन प्रेक्षागृह, आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट और यमुना आरती प्वाइंट पर 18 फरवरी से 27 फरवरी तक कार्यक्रम होंगे।

इस बार ताज महोत्सव का विस्तार कर फतेहपुरसीकरी और बटेश्वर में भी कार्यक्रम रखे गए हैं। अटल उद्यान में 22-23 फरवरी, फतेहपुर सीकरी में 23 फरवरी, बटेश्वर में 22 फरवरी, ताज नेचर वाक, कीठम में 28 फरवरी से 2 मार्च तक कार्यक्रम होंगे।

ताज महोत्सव परिसर में कुल 376 स्टॉल लगाए गए हैं। हर स्टॉल के सामने मार्किंग कर दी गई है। एसीपी ताज सुरक्षा अरीब अहमद ने बताया कि कुल 100 सीसीटीवी तथा शिल्पग्राम परिसर में पुलिस प्रशासन के साथ 60 सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती भी की जाएगी। अस्थायी पुलिस चौकी बनाई गई है। 7 एसीपी तैनात रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *