पान-तंबाकू की पीक से शहर की सुंदरता पर लग रहा बट्टा, नगर निगम ने चलाया जनजागरूकता अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को लोहामंडी जोन के वार्ड 18 स्थित राम नगर क्षेत्र में नगर निगम की सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन की टीम द्वारा एंटी प्लास्टिक व रेडस्पॉट अवेयरनेस अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम ने बाजार क्षेत्र में शॉप-टू-शॉप जाकर दुकानदारों और ठेला संचालकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। टीम ने सभी दुकानदारों से अपनी दुकानों पर कम से कम दो डस्टबिन रखने की अपील की, ताकि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र किया जा सके। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए इसका उपयोग न करने की सलाह दी गई और कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान टीम ने लोगों को यह भी समझाया कि पान, गुटखा और तंबाकू की पीक को सड़कों, दीवारों और डिवाइडरों पर थूकने से शहर की सुंदरता खराब होती है और सार्वजनिक स्थान गंदे हो जाते हैं। लोगों से अपील की गई कि वे इस आदत को छोड़ें और स्वच्छ शहर बनाने में नगर निगम का सहयोग करें। टीम ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को अपनी दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे को इधर-उधर न फेंकने और निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने के लिए भी जागरूक किया।
यह अभियान जोनल सैनिटरी अधिकारी महेंद्र सिंह और एसएफआई जितेंद्र कुमार गौतम के निर्देशन में चलाया गया। इस दौरान एज़ेडआई बविता के नेतृत्व में टीम सदस्य निशा, मानसी, जानवी, आयशा, सतेंद्र और बादल मौजूद रहे। टीम ने लोगों से स्वच्छता को अपनी आदत बनाने और शहर को साफ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *