12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ताज नेचर वॉक, आगरा में विशेष योग सत्र का हुआ आयोजन

Press Release उत्तर प्रदेश

योग एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, नागरिकों ने नियमित योग अपनाने का लिया संकल्प

आगरा, 21.06.2026/अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज ताज नेचर वॉक, आगरा में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधरोपण कर किया गया।
प्रातः 6:00 बजे ताज नेचर वॉक के प्राकृतिक एवं शांत वातावरण में आयोजित इस योग सत्र में बड़ी संख्या में योग प्रेमियों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। योग गुरु श्री वेद प्रकाश एवं श्री सतेंद्र शर्मा ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया।
योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी देते हुए तनाव प्रबंधन, एकाग्रता वृद्धि तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता सुदृढ़ करने में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर योग गुरु श्री वेद प्रकाश ने कहा कि प्राकृतिक वातावरण में योगाभ्यास करने से शरीर एवं मन दोनों को शांति एवं ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है।
योग गुरु श्री सतेंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित योगाभ्यास से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, श्वसन संबंधी समस्याओं तथा तनाव जैसी जीवनशैली संबंधी चुनौतियों के प्रबंधन में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए समय निकालने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया, जिनमें वृक्षासन, भुजंगासन, मत्स्यासन, सिंहासन, बद्धकोणासन, मकर अधोमुख श्वानासन, अधोमुख श्वानासन, मार्जरी-व्यग्रासन (कैट-काउ पोज) तथा उष्ट्रासन प्रमुख रहे। इन आसनों के माध्यम से संतुलन, लचीलापन, शारीरिक शक्ति, श्वसन क्षमता तथा मानसिक एकाग्रता को बढ़ाने के लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना के साथ योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा आगरा जनपद के विभिन्न रेंज कार्यालयों एवं नगर वन क्षेत्रों में भी योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर योग एवं स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *